32 views 1 sec 0 Comment

नारायणा में बुलडोजर से जबरन उजाड़े गए गरीबों के अधिकारों की लड़ाई कांग्रेस लड़ेगी-चौ अनिल कुमार

- May 27, 2022

नारायणा में बुलडोजर से जबरन उजाड़े गए गरीबों के अधिकारों की लड़ाई कांग्रेस लड़ेगी-चौ अनिल कुमार

रिपोर्ट: जगजीत सिंह

नई दिल्ली, 27 मई, 2022 – दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष चौ0 अनिल कुमार ने कहा कि भाजपा और केजरीवाल सरकार द्वारा नारायणा इंडस्ट्रियल एरिया में गरीबों की दुकानों और व्यवसायिक प्रतिष्ठानों को बर्बरता से बुलडोजर चलाने की कांग्रेस पार्टी निंदा करती है। प्रदेश अध्यक्ष चौ0 अनिल कुमार कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के साथ बुलडोजर द्वारा बर्बाद किए लोगों से मिले और उनकी परेशानियों की जानकारी भी ली। प्रदेश अध्यक्ष ने 30-40 वर्षों से रह रहे इन गरीब लोगों को आश्वासन दिया कि कांग्रेस पार्टी आपके अधिकारों की कानूनी लड़ाई लड़ेगी और हम भाजपा और आम आदमी पार्टी द्वारा प्रताड़ित गरीबों के साथ खड़े है।

प्रदेश अध्यक्ष चौ0 अनिल कुमार के साथ नारायणा औद्योगिक क्षेत्र का दौरे में अ0भा0क0कमेटी के सचिव श्री मनीष चतरथ, श्री ब्रहम यादव, श्री मदन खोरवाल, श्री परवेज आलम, श्री अनुज आत्रेय, डा0 नरेश कुमार, नरेश शर्मा नीटू, अनिल तंवर, ब्लाक अध्यक्ष व कांग्रेस कार्यकर्ता भी मौजूद थे।

चौ0 अनिल कुमार ने कहा कि वर्षों से नारायणा औद्योगिक क्षेत्र में रह रहे गरीब लोगों को भाजपा और केजरीवाल सरकार बुलडोजर से कैसे उजाड़ सकती है जबकि इन लोगों के पास वह सभी अधिकारिक दस्तावेज है जिनके आधार पर इन्हें उजाड़ा नही जाना चाहिए था। उन्हांने कहा कि भाजपा के बुलडोजर ने मानवता की सभी हदें पार कर दी है, उन्होंने कहा कि इन गरीब मजदूरों का क्या कसूर था जो औद्योगिक क्षेत्र में खाना बनाकर फैक्ट्रियों में काम करने वाले मजदूरों को पेट भरते थे। आज भाजपा और केजरीवाल सरकार के अमानवीय प्रहार से यह मजदूर खुद भोजन को तरस रहे है और सड़क पर आ गए है।

चौ0 अनिल कुमार ने कहा कि एक तरफ आम आदमी पार्टी राजेन्द्र नगर विधानसभा के उपचुनाव की घोषणा के बाद नारायणा में बुलडोजर प्रभावितों की सहायता करने का ऐलान करती है और दूसरी ओर दिल्ली भर में भाजपा के बुलडोजर अभियान के साथ खड़ी नजर आती है। उन्होंने कहा कि केजरीवाल की दोहरी और मौकापरस्ती की नीति को दिल्लीवाले बर्दाश्त नही करेंगे। दिल्लीवासी भाजपा और आम आदमी पार्टी के दोहरे चरित्र को समझ चुके है, अब इनके बहकावे में नही आऐंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी भाजपा और केजरीवाल सरकार की बुलडोजर नीति का विरोध करती है क्योंकि हम गरीबों के हकों की लड़ाई के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी भाजपा और आम आदमी पार्टी की सरकार की मिलीभगत नाकामियों और असफलताओं को लोगों के सामने उजागर करेगी।