28 views 9 sec 0 Comment

पीएम मोदी ने रुद्रपुर से किया उत्तराखंड में चुनाव का शंखनाद 

- April 3, 2024
पीएम मोदी ने रुद्रपुर से किया उत्तराखंड में चुनाव का शंखनाद 

पीएम मोदी ने रुद्रपुर से किया उत्तराखंड में चुनाव का शंखनाद 

उत्तराखंड की जनता की तपस्या का प्रतिफल, राज्य का विकास करके लौटना है- पीएम मोदी 

बीते 10 वर्ष में जितना विकास उत्तराखंड का हुआ है, उतना आजादी के बाद के 60 साल में नहीं हुआ- प्रधानमंत्री 

रुद्रपुर से उत्तराखंड देवभूमि में चुनावी शंखनाद को पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को इस दौरान न केवल उत्तराखंड की पारंपरिक टोपी भेंट की गई बल्कि कुमाऊं की प्राचीन ऐपण कला और आदि कैलाश का छाया चित्र भी भेंट किया गया। सीएम धामी ने भी पीएम को तमिलनाडु से मंगाया गया एक विशेष तौर का शंख भेंट किया।खैर, उत्तराखंड की संस्कृति से जुड़ी जो भी वस्तुएं पीएम मोदी को भेंट की गई, इन तमाम चीजों को विश्व स्तर पर प्रसिद्धि दिलाने और ब्रांडिंग करने में पीएम मोदी की भी बड़ी भूमिका रही है।

दरअसल, उत्तराखंडी टोपी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की वजह से खासी पॉपुलैरिटी मिली है। पीएम मोदी मन की बात कार्यक्रम में इसका विशेष जिक्र करने से लेकर उत्तराखंड में जब-जब आते हैं तो इस टोपी को धारण जरूर करते हैं। इस टोपी को पीएम द्वारा पहनने के बाद से इस टोपी की डिमांड बहुत बढ़ गई है। ऐसी भी स्थिति आयी कि ब्रह्मकमल लगी इस टोपी की दीवानगी लोगों के सिर चढ़कर बोलती रही है। इस टोपी को अब और भी अधिक गौरव के साथ उत्तराखंडी लोग धारण करने लगे हैं।

इसी तरह की स्थिति, ऐपण कला के साथ भी रही है। सीएम धामी कुमाऊं की इस विशेष पहचान को दिल्ली दौरों के दौरान पीएम को भेंट कर चुके हैं। यही वजह रही कि इस कला के बारे में हर कोई जानने और इसे लेने को लेकर लोग आतुर रहते हैं।

कमोबेश यही स्थिति आदि कैलाश को लेकर भी कही जा सकती है। दरअसल, जब से पीएम मोदी ने इस क्षेत्र का सीएम धामी के न्यौते के बाद दौरा किया और लोगों से यहाँ आने की अपील की है तब से यहां लोगों की आवाजाही खूब बढ़ रही है। सीएम धामी ने पीएम के विजन को आगे बढ़ाते हुए उड़ान योजना के अंतर्गत इस क्षेत्र के लिये हेली सेवा प्रारंभ कराई है जिसके उत्साहजनक नतीजे सामने हैं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मां नंदा देवी, गोल्ज्यू  देवता, मां राज राजेश्वरी और उत्तराखंड की धरती को नमन करते हुए बड़ी संख्या में आशीर्वाद देने आए लोगों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि देवभूमि उत्तराखंड में ये उनकी पहली चुनावी सभा है। उन्होंने इसे प्रचार सभा नहीं विजय सभा बताया। उन्होंने उत्तराखंड की जनता की तपस्या का प्रतिफल, राज्य का विकास करके लौटाने का वादा किया। देवभूमि की जनता के आशीर्वाद को उन्होंने अपनी बड़ी पूंजी बताई। उन्होंने उधम सिंह नगर को मिनी इंडिया बताते हुए कहा कि जब भी वो उत्तराखंड की पवित्र धरती में आते हैं तो खुद को धन्य महसूस करते हैं।

प्रधानमंत्री मोदी ने देवभूमि उत्तराखंड को विकसित बनाने का वादा किया तथा कहा कि इसके लिए केंद्र की भाजपा सरकार कोई कोर कसर बाकी नहीं छोड़ रही है। उन्होंने कहा बीते 10 वर्ष में जितना विकास उत्तराखंड का हुआ है, उतना आजादी के बाद के 60 साल में नहीं हुआ। आज उत्तराखंड हर प्रकार की आधुनिक कनेक्टिविटी से जुड़ रहा है। उत्तराखंड में भाजपा ने गरीबों को 85 हजार पक्के घर बनाकर दिए हैं। 12 लाख घरों तक पानी का कनेक्शन पहुंचाया है। यहां भाजपा सरकार ने साढ़े पांच लाख से ज्यादा शौचालयों का निर्माण कराया है। यहां की 5 लाख से ज्यादा महिलाओं को उज्जवला का मुफ्त गैस कनेक्शन दिया गया है। राज्य में करीब 3 लाख लोगों को स्वामित्व योजना के तहत उनकी प्रॉपर्टी के कार्ड दिए गए हैं। भाजपा सरकार ने 35 लाख लोगों के बैंक खाते खुलवाए हैं, उन्हें बैंकों से जोड़ा है। उत्तराखंड के छोटे किसानों के बैंक खातों में 2200 करोड़ रुपए से ज्यादा सीधे भेजे हैं। उन्होंने कहा जब नीयत सही होती है, तो ऐसे ही काम होता है। इसलिए नीयत सही, तो नतीजे सही।

प्रधानमंत्री ने कहा कि जनता जानती है कि मोदी ने भारत को दुनिया की तीसरी बड़ी आर्थिक ताकत बनाने की गारंटी दी है। जिसका मतलब है कि लोगों की कमाई बढ़ेगी, लोगों को नौकरी के अवसर बढ़ेंगे। इसका बहुत बड़ा लाभ उत्तराखंड को भी होगा। उन्होंने कहा मोदी की गारंटी यानि गारंटी पूरा होने की गारंटी। प्रधानमंत्री ने कहा कि उन्होंने जनता से वादा किया था कि यहां एम्स का सैटेलाइट सेंटर बनेगा। जिसकी गारंटी पूरी होते दिखाई दे रही है। उन्होंने कहा बाबा केदार के आशीर्वाद से उनके मुंह से निकला था कि ये दशक, उत्तराखंड का दशक होने वाला है। इसका प्रभाव भी धरातल में दिखाई देने लगा है। कमल निशान पर पड़ा उत्तराखंड की जनता का हर वोट, इसी संकल्प को और सशक्त करेगा। मोदी की गारंटी ने उत्तराखंड के घर-घर में सुविधा पहुंचाई है, लोगों का स्वाभिमान बढ़ाया है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि अपने तीसरे टर्म में आपका ये बेटा और बड़े काम करने जा रहा है। उनका लक्ष्य है कि जनता को 24 घंटे बिजली मिले, बिजली का बिल ज़ीरो हो और बिजली से कमाई भी हो। इसके लिए पीएम सूर्यघर- मुफ्त बिजली योजना शुरु की है। इसके तहत छत पर सोलर पैनल लगाने के लिए सरकार मदद दे रही है। इससे 300 यूनिट तक फ्री बिजली मिलेगी। अगर बिजली बचती है, तो उसे सरकार खरीदेगी। उन्होंने कहा आपके इस सेवक ने बहनों के लिए नमो ड्रोन दीदी योजना भी बनाई है। इसके तहत महिला स्वयं सहायता समूहों को लाखों रुपए का ड्रोन दिया जा रहा है। अब हमारी बहनें ड्रोन पायलट बनेंगी। इसका भी सीधा लाभ उत्तराखंड की मेरी बहनों-बेटियों को होगा। उन्होंने कहा मोदी मौज नहीं मेहनत करने के लिए पैदा हुआ है। उन्होंने कहा 10 साल में जो विकास हुआ, वो तो सिर्फ ट्रेलर है। अभी तो बहुत कुछ करना है। अभी तो हमें देश को बहुत आगे लेकर जाना है। अभी तो उत्तराखंड को बहुत आगे लेकर जाना है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि उनका प्रयास है कि केदारखंड की तरह ही मानसखंड भी देश और दुनिया में और अधिक परिचित हो। पिछले वर्ष वो आदि कैलाश गए थे। तब पूरे देश ने इस क्षेत्र के अद्भुत सामर्थ्य को देखा था। उत्तराखंड में खेती, पर्यटन या  इंडस्ट्री, हर क्षेत्र में अभूतपूर्व संभावनाएं बनने जा रही हैं। उन्होंने कहा उत्तराखंड के नौजवानों का सपना ही मेरा संकल्प है। उन्होंने कहा बीते वर्षों में उत्तराखंड से पलायन रुका है। वो दिन दूर नहीं जब रोज़गार के लिए शहर गए साथी वापस लौटेंगे। प्रधानमंत्री ने कहा कि उनके इन प्रयासों के बीच, कांग्रेस और इंडी-गठबंधन ने अपने इरादे दिखा दिए हैं। कांग्रेस के शाही परिवार के शहज़ादे ने ऐलान किया है कि अगर देश ने तीसरी बार बीजेपी सरकार चुनी तो, आग लग जाएगी। उन्होंने कहा 60 साल तक देश पर राज करने वाले, 10 साल सत्ता से बाहर रहने पर देश में आग लगाने की बात कर रहे हैं। इमरजेंसी की मानसिकता वाली कांग्रेस का भरोसा अब लोकतंत्र पर नहीं बचा है। उन्होंने कहा कांग्रेस, भारत को अस्थिरता की तरफ ले जाना चाहती है, अराजकता में झोंकना चाहती है। कांग्रेस ने देश के वीर सपूत, स्वर्गीय बिपिन रावत जी तक का अपमान किया था। ऐसी कांग्रेस से देशभक्ति की अपेक्षा नहीं की जा सकती।

प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस,तुष्टिकरण के दल-दल में ऐसा धंस गई है कि कभी देशहित का नहीं सोच सकती। यही कांग्रेस है जो घुसपैठियों को बढ़ावा देती है। लेकिन जब भाजपा सीएए के माध्यम से मां भारती में आस्था रखने वालों को भारत की नागरिकता देती है, तो कांग्रेस को सबसे ज्यादा तकलीफ होती है। उन्होंने कहा इस क्षेत्र के लोग भी जानते हैं कि पाकिस्तान और बांग्लादेश से जो शरणार्थी आए हैं, उनमें से अधिकतर दलित परिवार हैं, सिख परिवार हैं, बंगाली परिवार हैं। लेकिन कांग्रेस इन लोगों को नागरिकता देने का विरोध कर रही है। कांग्रेस कितना भी विरोध करे, इन लोगों के पास अब मोदी की गारंटी है। उन्होंने कहा हमारा उत्तराखंड वीर माताओं की भूमि है जो वीर संतानों को जन्म देती है। यहां के वीर सपूत मां भारती की हर एक इंच जमीन के लिए अपने जान की बाजी लगा देते हैं।

प्रधानमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की धरती का संबंध गुरु नानक देव जी, गुरु गोविंद सिंह जी और उदासी संत गुरु रामराय जी से है। कांग्रेस ने देश का ऐसा बंटवारा किया कि गुरु नानक जी की जन्म स्थली भी हमसे छिन गई। बीजेपी सरकार ने करतारपुर कॉरिडोर बनाकर, लोगों की जिंदगी आसान की है। कांग्रेस कमज़ोरी न दिखाती तो हमारी सीमाओं पर नज़र डालने की किसी की हिम्मत न होती। कांग्रेस ने कैसे अपने हाथों से मां भारती के टुकड़े किए, इसका एक और ताजा उदाहरण देश के सामने आया है। तमिलनाडु के पास एक कच्चाथीवू द्वीप है। वो द्वीप भारत का हिस्सा था लेकिन कांग्रेस ने उसको श्रीलंका को दे दिया। अब इस द्वीप के आसपास भी कोई भारतीय मछुवारा गलती से चला जाता है, तो उसे गिरफ्तार कर लिया जाता है। उन्होंने कहा कांग्रेस ने देश के सीमावर्ती गांवों को भी देश का आखिरी गांव मानकर वहां विकास करना बंद कर दिया था। लेकिन भाजपा की सरकार ने सीमा किनारे बसे गांवों को देश का प्रथम गांव माना है, वहां तेज गति से विकास किया है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस की सरकार रहती तो आज भी पूर्व सैनिकों को वन रैंक वन पेंशन नहीं मिल पाती। लेकिन मोदी ने सैनिक परिवारों को गारंटी दी थी और इसे पूरा करके दिखाया आज देशभर के सैनिक परिवारों को ओ.आर.ओ.पी के एक लाख करोड़ रुपए से ज्यादा मिल चुके हैं। इसमें से उत्तराखंड के भी हजारों परिवारों को लाभ हो रहा है। उन्होंने कहा 2024 के इस चुनाव में अब स्पष्ट रूप से दो खेमें बन गए हैं। एक तरफ ईमानदारी और पारदर्शिता है, दूसरी तरफ भ्रष्टाचारियों का जमावड़ा है। ये भ्रष्टाचारी, मोदी को धमकी भी दे रहे हैं, गाली भी दे रहे हैं। मैं कहता हूं- भ्रष्टाचार हटाओ। वो कहते हैं- भ्रष्टाचारी बचाओ। लेकिन मोदी इनकी गालियों और धमकियों से डरने वाला नहीं है। हर भ्रष्ट पर कार्रवाई जारी रहेगी। और तीसरे टर्म की शुरुआत में अब 75 दिन से भी कम का समय रह गया है। तीसरे टर्म में भ्रष्टाचार पर और तेज प्रहार होगा। भ्रष्टाचार, हर गरीब का हक छीनता है, मध्यम वर्ग का हक छीनता है। और वो गरीब का हक, मध्यम वर्ग का हक, किसी को छीनने नहीं दूंगा।

प्रधानमंत्री ने कहा कि आने वाले 5 साल, अभूतपूर्व काम के, और बड़े फैसलों के साल होंगे। लेकिन इसके लिए जनता ने मोदी को और मजबूत करना है। उन्होंने सभी से आग्रह किया कि उत्तराखंड की सारी सीटों पर भाजपा को ज्यादा से ज्यादा वोटों से विजय दिलानी है। नैनीताल-उधम सिंह नगर से अजय भट्ट, अल्मोड़ा से अजय टमटा, हरिद्वार से त्रिवेंद्र सिंह रावत, टिहरी गढ़वाल से माला राज लक्ष्मी और गढ़वाल से अनिल बलूनी को जिताना है। उन्होंने कहा सबने गांव में जाकर वहां के देवी-देवता के दरबार में मोदी की तरफ से माथा टेकना है। उन्होंने कहा लोकतंत्र की रक्षा के लिए हमें अपना धर्म निभाना है, और अधिक से अधिक मतदान करना है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि यह मोदी जी की गारंटी है कि आज का नया भारत पुनः विश्व गुरू के साथ ही “विश्व शक्ति“ बनने के मार्ग पर आगे बढ़ चुका है।
प्रधानमंत्री के नेतृत्व वाली सरकार ने वर्ष 2014 के बाद कई ऐतिहासिक फैसले लिए हैं। सीएए कानून, जम्मू-कश्मीर से आर्टिकल 370 का खात्मा, अयोध्या में भव्य राम मंदिर निर्माण, तीन तलाक से मुस्लिम महिलाओं को मुक्ति, सर्जिकल स्ट्राइक ऐसे फैसलें हैं, जिन्हें सदियों तक याद रखा जाएगा। सीएम पुष्कर सिंह ने कहा कि, ऐसे ऐतिहासिक फैसले यदि कोई ले सकता है तो वो पीएम नरेन्द्र मोदी ही हैं। प्रधानमंत्री जी का उत्तराखण्ड से विशेष लगाव है। उत्तराखंड के लिए बीते 10 वर्षों में केन्द्र सरकार द्वारा 1 लाख 50 हजार करोड़ से अधिक की परियोजनाएं स्वीकृत की गई, जिनमें से अनेकों योजनाओं पर तेजी से कार्य चल रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि PM MODI के दिशा-निर्देशन में राज्य सरकार, उत्तराखंड को देश का श्रेष्ठ राज्य बनाने के लिए दिन-रात काम कर रही है। राज्य सरकार ने ऐसे निर्णय लिए जिन्हें पूर्व की सरकारों ने अपने स्वार्थ और तुष्टिकरण की सोच के कारण ठंडे बस्ते में डाल दिया था। मुख्यमंत्री ने कहा कि विपक्षी दलों, विशेष रूप से कांग्रेस ने जनता को वर्षों तक केवल लूटने का काम किया है। प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में भारत चंद्रमा के साउथ पोल पर पहुंचकर इतिहास रच चुका है, वहीं कांग्रेस अपने राजकुमार को बार-बार लॉन्च करने की असफल कोशिश करते रहती है। उन्होंने कहा प्रधानमंत्री मोदी भ्रष्टाचार मिटाओ कहते हैं, तो कांग्रेस कहती है मोदी को मिटाओ और गांधी परिवार बचाओ।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने अबकी बार 400 पार का नारा दिया गया है, वो नए भारत के भविष्य की चाबी है, और इस चाबी को सुरक्षित रखना हमारी जिम्मेदारी है, क्योंकि यही समय है, सही समय है।

इस अवसर पर केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री एवं भाजपा के नैनीताल सीट से प्रत्याशी अजय भट्ट, अल्मोड़ा-पिथौरागढ़ सीट से प्रत्याशी अजय टम्टा, भाजपा प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, पूर्व मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा, राज्य सभा सांसद नरेश बंसल, कैबिनेट मंत्री श्रीमती रेखा आर्य, सौरभ बहुगुणा, विधायक शिव अरोड़ा एवं अन्य लोग उपस्थित रहे।