23 views 1 sec 0 Comment

घात लगाकर बैठे बदमाशों ने शख्स पर बरसाईं गोलियां

- March 28, 2024
रेस्टोरेंट मालिक की हत्या

घात लगाकर बैठे बदमाशों ने शख्स पर बरसाईं गोलियां

 

दिल्ली में हत्याओं का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। बीती रात फिर एक शख्स की गोलियां मारकर हत्या कर दी गई। घटना नॉर्थ-ईस्ट दिल्ली के न्यू उस्मानपुर इलाके में हुई। जांच में सामने आया है कि मृतक संजय (32) खुद भी एक मर्डर की वारदात में आरोपी था। फिलहाल पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
डीसीपी नॉर्थ-ईस्ट डॉ. जॉय टिर्की ने बताया, बीती रात 12:33 बजे न्यू उस्मानपुर पुलिस को दूसरे पुश्ता, हनुमान मंदिर वाले सर्विस रोड से पीसीआर कॉल मिली थी। कॉलर ने कहा कि उसके भाई को गोलियां मार दी गई हैं। घायल संजय को पास के अस्पताल ले जाया गया। जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। संजय पहले पुश्ते पर रहता था। साथ ही एक रेस्तरां चलाता था। उसका भाई नितिन भी पास में ही रहता है। वह दूध की डेयरी चलाता है।
नितिन ने पुलिस को बताया, रात 12:05 बजे उसके पास एक दोस्त का फोन आया था, जिसने बताया कि सर्विस रोड पर उसके भाई को किसी ने गोली मार दी है। वह फौरन मौके पर पहुंचा। जहां भाई को लहूलुहान पड़ा पाया। संजय के सिर, दाहिने कंधे, दाहिनी कोहनी और दाहिनी ओर पेट में गोलियां मारी गई थीं। वारदात के समय संजय अकेला अपनी बाइक से कहीं जा रहा था। संजय को जग प्रवेश चंद्र अस्पताल ले जाया गया, मगर तब तक वह दम तोड़ चुका था। मौके पर पहुंची पुलिस को 7 खाली खोखे बरामद हुए हैं। जांच में यह भी पता चला है कि संजय साल 2010 में उस्मानपुर इलाके में हुए एक मर्डर में शामिल था। उसने अपने साथियों प्रदीप, बिजेंदर और भंवर सिंह के साथ मिलकर रविंदर की हत्या कर दी थी। पुलिस आरोपियों का पता लगाने के लिए इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।