21 views 0 sec 0 Comment

हर्ष विहार में युवक को गोलियां मारने वाले को क्राइम ब्रांच ने दबोचा, एनकाउंटर में पुलिसकर्मी ने दिखाई गोली से ज्यादा फुर्ती

- May 3, 2024
हर्ष विहार में युवक को गोलियां मारने वाले को क्राइम ब्रांच ने दबोचा, एनकाउंटर में पुलिसकर्मी ने दिखाई गोली से ज्यादा फुर्ती

हर्ष विहार में युवक को गोलियां मारने वाले को क्राइम ब्रांच ने दबोचा, एनकाउंटर में पुलिसकर्मी ने दिखाई गोली से ज्यादा फुर्ती

रिपोर्ट: नगर संवाददाता

दिल्ली में बीती रात पुलिस और बदमाश के बीच एनकाउंटर हुआ। पुलिस का दावा है कि जब बदमाश ने पुलिस टीम पर गोली चलाई तो पुलिसकर्मी ने गोली से ज्यादा फुर्ती दिखाकर खुद को बचा लिया। हालांकि गोली पुलिसकर्मी के बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी। इसके बाद पुलिसकर्मी ने हवाई फायरिंग कर के आरोपी अवनीश उर्फ मनीष (22) को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से सेमी ऑटोमैटिक पिस्टल और तीन कारतूस बरामद हुए हैं। पुलिस सूत्र का कहना है कि क्राइम ब्रांच ने आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट समेत संबंधित धाराओं में केस भी दर्ज किया है। खबर लिखे जाने तक आरोपी से पूछताछ की जा रही थी।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि क्राइम ब्रांच की ईस्टर्न रेंज (1) टीम को कल रात करीब 10:30 बजे सूचना मिली थी कि 30 अप्रैल को हर्ष विहार इलाके में अपने साथियों के साथ मिलकर युवक को गोलियां मारने वाला अवनीश कुछ देर में अपने साथियों से मिलने जाएगा। वह गाजीपुर से होते हुए गुजरेगा। सूचना के बारे में आला अधिकारियों को बताया गया। जिसके बाद एक टीम को रेड के लिए तैयार किया गया। टीम गाजीपुर पहुंचकर आरोपी का इंतजार करने लगी। देर रात करीब 1:30 बजे एक स्कूटी सवार आता हुआ दिखाई दिया। पुलिस टीम ने उसे रुकने का इशारा किया। आरोप है कि आरोपी रुका और पिस्टल निकालकर कॉन्स्टेबल अनिल कुमार पर गोली चला दी। दावा है कि गोली चलने के बाद अनिल ने फुर्ती दिखाते हुए खुद को बचाया। जिससे गोली उनकी बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी। जिसके बाद अनिल ने हवाई फायरिंग की। आरोपी घबरा गया और फिर पुलिस टीम ने उसे दबोच लिया।

साथी के पड़ोसी को मारी थी गोलियां

खबर लिखे जाने तक पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि उसने अपने साथी राहुल के पड़ोसी प्रशांत को गोलियां मारी थीं। राहुल और उसके साथ उनका तीसरा साथी भी था। तीनों स्कूटी पर थे। जबकि प्रशांत भी स्कूटी पर था। आरोपियों ने उस पर 3-4 गोली चलाई थीं। जिसमें से दो गोली प्रशांत के पैर पर लगी थीं। पुलिस अब उसके साथियों की तलाश कर रही है।