35 views 6 sec 0 Comment

‘ऑपरेशन लोटस’ फेल का दावा करने वाली AAP का कुछ विधायकों से कटा संपर्क, पार्टी ने भी माना

- August 25, 2022

‘ऑपरेशन लोटस’ फेल का दावा करने वाली AAP का कुछ विधायकों से कटा संपर्क, पार्टी ने भी माना

Breaking Desk | Ann News 

दिल्ली में आम आदमी पार्टी और बीजेपी के बीच सियासी घमासान जारी है। आप ने बीजेपी पर अपने विधायकों की खरीद-फरोख्त का आरोप लगाया है। इसी बीच पार्टी का अपने कई विधायकों से संपर्क नहीं हो पा रहा है। पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं ने इस बात को स्वीकार किया है। हालांकि, उन्होंने यह भी उम्मीद जताई है कि बैठक शुरू होने तक सभी आ जाएंगे।

मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बीजेपी के खिलाफ आगे की रणनीति तय करने के लिए सुबह 11 बजे अपने आवास पर बैठक बुलाई है। इससे पहले पार्टी ने बीजेपी पर ऑपरेशन लोटस चलाने का आरोप लगाते हुए कहा था कि उसने इसे फेल कर दिया है। 70 सदस्यीय दिल्ली विधानसभा में आप के 62 विधायक हैं। आप नेताओं ने पहुंच से बाहर हुए विधायकों के नामों का खुलासा नहीं किया और ना ही यह बताया है कि कितने विधायक पहुंच से बाहर हैं, लेकिन उनका कहना है कि पार्टी लगातार उन तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।

आप नेता दिलीप पांडे, सौरभ भारद्वाज और आतिशी मार्लेना ने कुछ विधायकों से संपर्क नहीं होने की बात स्वीकार की है। उन्होंने यह भी भरोसा जताया है कि सभी बैठक में पहुंच जाएंगे।